पानी संकट को लेकर कोनवाई में छह घंटे सड़क जाम, एसडीओ के आश्वासन पर समाप्त हुआ आंदोलन
पांकी। पानी की गंभीर समस्या को लेकर सोमवार को पांकी-डाल्टनगंज मुख्य मार्ग स्थित कोनवाई में स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। सुबह से शुरू हुआ यह आंदोलन लगभग छह घंटे तक चला, जिसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बुरी तरह प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही पांकी पुलिस, प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी, पूर्व प्रत्याशी लाल सूरज सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी जाम स्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, आंदोलनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और जाम हटाने से इनकार कर दिया।
बाद में पलामू उपायुक्त के निर्देश पर पीएचईडी विभाग के सहायक अभियंता (एसडीओ) मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि तत्काल राहत के तौर पर टैंकरों के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही चार दिनों के भीतर विभिन्न स्थानों पर गहरे बोरिंग कराए जाएंगे तथा लंबित नल-जल योजना के कार्यों को शीघ्र पूरा कर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
एसडीओ के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर सड़क जाम हटा लिया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे पुनः आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
Panki, Palamu | Jun 15, 2026