छत्तीसगढ़ में जशपुर पुलिस ने 'ऑपरेशन आघात' के तहत नशे के अवैध सौदागरों की कमर तोड़ते हुए अंतरराज्यीय तस्करी का बड़ा भंडाफोड़ किया है। सरगुजा रेंज आईजी दीपक कुमार झा के निर्देश और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में तपकरा पुलिस व एंटी-नारकोटिक्स टीम ने लावाकेरा बॉर्डर पर घेराबंदी कर एक टाटा आईशर ट्रक को पकड़ा। पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए खाली शीशियों/बोतलों की बोरियों के नीचे 20 बोरियों में 597 पैकेट गांजा छुपाया गया था। पुलिस ने मौके से कुल 6 क्विंटल 32 किलो 380 ग्राम (632.380 kg) अवैध गांजा बरामद किया, जिसकी बाज़ार में कीमत लगभग ₹3.16 करोड़ आंकी गई है।
इस सुनियोजित कार्रवाई में उड़ीसा से उत्तर प्रदेश की ओर तस्करी कर रहे आरोपी विनोद कुमार गुप्ता (42 वर्ष, निवासी बहराइच, UP) को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गांजा, ट्रक, मोबाइल और नगदी सहित कुल ₹3 करोड़ 41 लाख 47 हजार का मशरूका ज़ब्त कर थाना तपकरा में NDPS एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत अपराध दर्ज किया है। गौरतलब है कि जशपुर पुलिस ने ठीक दो दिन पहले भी इसी बैरियर से 440 किलो गांजा ज़ब्त किया था। पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट की 'एंड-टू-एंड' जांच में जुटी है ताकि नेटवर्क के हर चेहरे को सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
#OperationAaghat #JashpurPolice #ChhattisgarhPolice #WarOnDrugs #DrugBust #ActionAgainstCrime #ZeroTolerance #PoliceAction #JashpurUpdate #FatafatNews