मोहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर झंझारपुर थाना में शांति समिति की बैठक आयोजित
झंझारपुर अनुमंडल क्षेत्र में आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से झंझारपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) झंझारपुर एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) झंझारपुर ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में मोहर्रम जुलूस से जुड़े विभिन्न अखाड़ों एवं जुलूस समितियों के खलीफाओं को आमंत्रित किया गया। अधिकारियों ने सभी खलीफाओं को मोहर्रम पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, प्रशासन द्वारा निर्धारित शर्तों एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा आपसी भाईचारे एवं सौहार्द कायम रखने की अपील की।
इस दौरान जुलूस के मार्ग, समय, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक प्रशासनिक निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी संबंधित लोगों को उनका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की अफवाह, अराजकता अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी।
बैठक में अंचल अधिकारी (CO) झंझारपुर भी उपस्थित रहे। इसके अलावा थाना के पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न मोहर्रम जुलूस समितियों के सदस्य भी मौजूद थे।
प्रशासन ने सभी लोगों से मिल-जुलकर पर्व मनाने तथा शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।