खेलो इंडिया अस्मिता वुशु लीग में रागिनी सिंह ने बढ़ाया महिला खिलाड़ियों का हौसला
Jhariya: डीएवी जामाडोबा में आयोजित खेलो इंडिया अस्मिता वुशु लीग में झरिया विधायक रागिनी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही महिला खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनके प्रदर्शन एवं खेल के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर रागिनी सिंह ने कहा, “महिला खिलाड़ियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और खेल के प्रति उनका समर्पण देखकर मैं बेहद प्रभावित हूं। हमारी बेटियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है उन्हें उचित मंच, प्रोत्साहन और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की।”
उन्होंने कहा कि “खेलो इंडिया अस्मिता जैसी प्रतियोगिताएं महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करती हैं। हमारी बेटियां इसी तरह मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ें, खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करें और झरिया, धनबाद सहित पूरे झारखंड एवं देश का नाम रोशन करें।”
विधायक ने खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता के लिए अनुशासन, निरंतर अभ्यास और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला खिलाड़ियों और आयोजकों में उत्साह का माहौल रहा। रागिनी सिंह की मौजूदगी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रही प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ाते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।