नगर कौंसिल का भाजपा बोर्ड हर वार्ड में पहुंचकर जान रहा समस्याएं
--बिना भेदभाव फाजिल्का के हर वार्ड में करवाए जाएंगे विकास कार्य और स्वच्छता पर रहेगा फोकस: अशोक जैरथ
--बोर्ड गठन के साथ ही टीम भाजपा ने हर वार्ड में शुरू कर दी थी पहुंच
फाजिल्का, 09 सितंबर(सोनू वर्मा): अपने दम पर नगर कौंसिल में बोर्ड बनाने वाली भारतीय जनता पार्टी की टीम पूरी तरह सक्रिय होकर शहर की सेवा में जुट गई है। नगर कौंसिल अध्यक्षा अनीता जैरथ के नेतृत्व में भाजपा नेता व कार्यकर्ता एक के बाद एक वार्ड में जाकर वहां की समस्याओं की जानकारी लेकर उन्हें हल करवाने के लिए काम कर रहे हैं।
इसी कड़ी में अध्यक्षा अनीता जैरथ के पति एवं वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक जैरथ और नगर कौंसिल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगवान दास ने तीन वार्डों में जाकर वहां के पार्षदों से समस्याओं की जानकारी ली और उनके हल के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। सबसे पहले श्री जैरथ और भगवान दास वार्ड नंबर 20 में पहुंचे जहां पार्षद सुरक्षा गुप्ता के पति एवं पूर्व पार्षद डा. राकेश गुप्ता ने उन्हें वार्ड की समस्याओं की जानकारी दी। उसके बाद आज सुबह अशोक जैरथ वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगवान दास के वार्ड नंबर 13 में पहुंचे, उनके साथ वार्ड नंबर 15 के पार्षद अंकुश फुटेला भी मौजूद रहे। उन्होंने वार्ड नंबर 13 की एमसी कालोनी के पार्क, सेक्रेड हार्ट स्कूल के सामने खाली पड़ी जगह में सफाई प्रबंधों का जायजा लिया। साथ ही अंकुश फुटेला के वार्ड नंबर 15 में भी अशोक जैरथ और वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगवान दास ने पहुंचकर सफाई व्यवस्था और होने वाले मरम्मत कार्यों का जायजा लेकर वह कार्य जल्द करवाने के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशानिर्देश दिए। आइए आप भी देखिए टीम भाजपा ने किस तरह से वार्ड नंबर 13, 15 और 20 में जाकर जनहित कार्यों के लिए तत्परता दिखाई है। इस बारे में श्री जैरथ ने कहा कि अनीता जैरथ के नेतृत्व में पूरी भाजपा की टीम एकजुट है और चुनाव से पहले किए वादों को पूरा करने के लिए वचनबद्ध है। इसीलिए हर वार्ड में जाकर वहां के लोगों की समस्याओं की जानकारी लेकर पहल के आधार पर उन समस्याओं को दूर करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि न केवल भाजपाई पार्षदों के यहां बल्कि वह हर वार्ड में भले ही वहां आप पार्षद हैं या कांग्रेस पार्षद हर जगह जाकर समस्याओं की जानकारी ले रहे हैं ताकि बिना किसी भेदभाव लोगों को उनके अधिकार प्रदान किए जा सकें। वहीं वरिष्ठ उपाध्यक्ष भगवान दास ने कहा कि नगर कौंसिल में बोर्ड गठन के साथ ही पूरी भाजपा की टीम ने सभी पूर्व अध्यक्षों व वर्तमान कौंसिल के सभी पार्षदों के साथ मिलकर काम करने की दिशा में कार्य शुरू कर दिया था, जिसके काफी सार्थक परिणाम मिल रहे हैं।