जिला में निकाली गई भव्य तिरंगा यात्रा; माननीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों सहित सैकड़ों लोगों ने लिया भाग
=====================
सरकार के आदेश के आलोक में सम्पूर्ण जिला में ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान धूम-धाम से आयोजित किया जा रहा है। 09 अगस्त से इसकी शुरूआत हुई है, जो 17 अगस्त तक चलेगा। इसी कड़ी में आज जिला स्तर पर भव्य तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। इसकी शुरूआत मरीन ड्राईव लेकफ्रन्ट-1 स्थित कम्यूनिटी हाॅल परिसर से हुई, जो लगभग 2 किलोमीटर की दूरी तय कर कम्पनीबाग स्थित शहीद खुदीराम बोस स्मारक स्थल पर समाप्त हुई। इस आकर्षक एवं पे्ररणादायक तिरंगा यात्रा में माननीय पर्यटन मंत्री, बिहार सरकार श्री केदार प्रसार गुप्ता, माननीय विधायक श्री रंजन कुमार, माननीय महापौर श्रीमती निर्मला देवी साहु, माननीय उप महापौर डाॅ. मोनालिसा, जिलाधिकारी, मुजफ्फरपुर श्री कुमार गौरव, वरीय पुलिस अधीक्षक, मुजफ्फरपुर श्री कांतेश कुमार मिश्रा, नगर आयुक्त श्री ऋतुराज प्रताप सिंह, उप विकास आयुक्त श्री निशांत सिहारा, अनुमंडल पदाधिकारी, पश्चिमी डाॅ. आकांक्षा आनंद सहित अन्य माननीय जनप्रतिनिधिगण तथा पदाधिकारीगण उपस्थित थे। तिरंगा यात्रा में लगभग 11 विद्यालयों से सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ जीविका दीदियों ने पूरे उत्साह से भाग लिया। इसमें काफी बड़ी संख्या में आमलोगों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी हाथ में तिरंगा लिए हुए राष्ट्रीय एकता एवं देशभक्ति के नारों तथा संदेशों के साथ आगे बढ़ रहे थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरा होने के अवसर पर सम्पूर्ण जिला में ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान आयोजित किया जा रहा है। यह केवल एक कार्यक्रम भर नहीं है बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं जन-सहभागिता का महाअभियान है। इसमें आमलोगों द्वारा काफी बड़ी संख्या में सक्रिय रूप से सहभागिता दी जा रही है। इससे यह महाअभियान जन-आंदोलन के रूप में आगे बढ़ रहा है।
जिला स्तरीय तिरंगा यात्रा के बाद माननीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा मुशहरी प्रखण्ड अन्तर्गत मधुबनी पंचायत में आयोजित ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान में भाग लिया गया। मधुबनी पंचायत के पंचायत सरकार भवन से देशभक्ति एवं राष्ट्र गौरव के संदेशों पर तिरंगा यात्रा शुरू की गई। पूरे गांव में यह यात्रा निकाली गई। इसमें माननीय विधायक, मुजफ्फरपुर श्री रंजन कुमार, जिलाधिकारी श्री कुमार गौरव, उप विकास आयुक्त श्री निशांत सिहारा सहित सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राएं, स्थानीय लोग एवं अन्य अधिकारीगण शामिल हुए।
जिलाधिकारी ने कहा कि ’’हर घर तिरंगा’’ अभियान कला एवं संस्कृति विभाग के तत्वाधान में आयोजित किया जा रहा है। इसका मूल उद्देश्य अधिकाधिक घरो एवं संस्थानों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराना, जन-भागीदारी को बढ़ावा देना एवं फ्लैग कोड के नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन करना है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव एवं सभी पंचायतों में यह अभियान चलाया जा रहा है। तिरंगा यात्रा, बाईक एवं साईकिल रैली, वंदे मातरम का सामूहिक गायन, प्रदर्शनी, रंगोली, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सरकारी भवनों की त्रिवर्णीय रोशनी, सेल्फी विद तिरंगा सहित विभिन्न कार्यक्रम इस अभियान के तहत संचालित किया जा रहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी नागरिकों से अपील है कि इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें।