समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 21 जून 2026
अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर रामरेखा घाट बक्सर में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन
योग स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का आधार : जिला पदाधिकारी
अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर आज दिनांक 21 जून 2026 को जिला पदाधिकारी बक्सर, श्रीमती साहिला की उपस्थिति में रामरेखा घाट बक्सर में जिला स्तरीय योग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया तथा इसे स्वस्थ जीवन शैली का अभिन्न अंग बताया गया। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन एवं आत्मा के मध्य संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा तनावमुक्त जीवन व्यतीत कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षित योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ योग सत्र में भाग लिया तथा योग को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक विरासत है। जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग करने एवं अपने परिवार तथा समाज को भी योग के प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में विभिन्न जिला स्तरीय पदाधिकारी, युवा, छात्र-छात्राएं तथा आम नागरिक उपस्थित थे।
कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग करने के संकल्प के साथ हुआ।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration CMO Bihar #BuxarNews #buxarjila #buxar #buxarcity #bihar #topfollowers Namami Gange
4 views | Buxar, Bihar | Jun 21, 2026