*रेंजर पति के सरकारी आवास का ताला खुलवाने कांस्टेबल पत्नी आवेदन देने थाने पहुंची*
*कहा- आधी रात बच्ची को ले कर कहां जाऊं, वीडियो वायरल*
सतना। जिले के बरौंधा थाना में पदस्थ कांस्टेबल भारती उपाध्याय और उनके रेंजर पति के बीच चल रहा विवाद गहराता ही जा रहा है। एक दिन पहले ही पति द्वारा पत्नी पर कार, कैश और मोबाइल चुराने की शिकायत थाने में की गई थी।जिसकी जांच भी अभी पूरी नहीं हो पाई थी कि बुधवार की देर रात पत्नी ने थाने पहुंचकर पति के सरकारी आवास का ताला खुलवाने का आवेदन दिया। आवेदन में बताया गया कि या तो पुलिस सरकारी बंगले का ताला तोड़ने की कांस्टेबल पत्नी की अनुमति दे या फिर ताला तोड़ने की सूचना प्राप्त करे। देर रात भारती उपाध्याय लिखित आवेदन ले कर थाने पहुंची। उसके साथ ढाई साल की मासूम बच्ची भी थी। ड्यूटी पर तैनात प्रधान आरक्षक रामचंद्र साकेत ने जब आवेदन लेने से मना कर दिया तो भारती की उससे जमकर बहस हुई। इस मामले का वीडियो भी कांस्टेबल भारती द्वारा बना कर सोशल मीडिया में वायरल भी किया गया है। वीडियो में भारती ड्यूटी पर मौजूद हेड कांस्टेबल से आवेदन की रिसीविंग मांग रही थी लेकिन प्रधान आरक्षक ने आवेदन लेने से ही मना कर दिया। भारती का कहना था कि वह अपने पति बृजेन्द्र पांडेय के साथ उसी सरकारी आवास में रहती है। लेकिन ताला बंद होने के कारण वह इतनी रात में अपनी बच्ची को ले कर कहां जाएगी? बताया जा रहा है कि जब थाने में आवेदन नहीं लिया गया तो रात में ही कॉन्स्टेबल भारती उपाध्याय अपनी बच्ची के साथ सतना चली गई।