*विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर सारण में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं कैंडल मार्च का आयोजन*
=====================
सारण (छपरा), 14 अगस्त 2026
=====================
विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर आज सारण जिला प्रशासन द्वारा विभाजन की त्रासदी में अपने प्राण गंवाने वाले लोगों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से विभाजन के दौरान हुई मानवीय पीड़ा, विस्थापन एवं अपनों से बिछड़ने की त्रासदी को स्मरण करते हुए पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त की गई।
समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव की उपस्थिति में सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा दो मिनट का मौन धारण किया गया। इस दौरान विभाजन की विभीषिका में अपने प्राण गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके प्रति सम्मान एवं संवेदना व्यक्त की गई।
संगोष्ठी के दौरान जिला 20 सूत्री सदस्य श्री जयप्रकाश महतो तथा श्री अरशद परवेज ने भी अपनी बातें रखी तथा जिन लोगों ने विभाजन का दंश झेला उनकी याद करते हुए आज की पीढ़ी को एकता एवं अखंडता का संदेश दिया।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस हमें इतिहास के उस दुखद अध्याय को स्मरण करने का अवसर देता है, जब लाखों लोगों को विस्थापन, पीड़ा और अपनों से बिछड़ने का दंश झेलना पड़ा। यह दिवस हमें सामाजिक सौहार्द, एकता, भाईचारे और मानवता के मूल्यों को और अधिक मजबूत करने की प्रेरणा देता है।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
इसके पश्चात् शाम के समय जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव के आदेशानुसार म्युनिसिपल चौक से थाना चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च में स्थानीय जनप्रतिनिधियों,जिला प्रशासन के पदाधिकारियों एवं कर्मियों तथा स्काउट एवं गाइड के लगभग डेढ़ सौ बच्चों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर विभाजन की त्रासदी के पीड़ितों एवं मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
कैंडल मार्च के माध्यम से विभाजन की विभीषिका को स्मरण करने, पीड़ितों के प्रति सम्मान व्यक्त करने तथा नई पीढ़ी को उस दौर की मानवीय त्रासदी से अवगत कराने का संदेश दिया गया।
Saharsa, Bihar | Aug 14, 2026