पलवलवासियों का इंतजार खत्म होने की ओर, 3 सितंबर से पहले नर्सिंग कॉलेज का होगा सुपरविजन
इसी सत्र 2026-27 से दाखिले और कक्षाएं शुरू कराने के निर्देश, 7 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित
पलवल। पलवल में नर्सिंग कॉलेज शुरू होने का लंबे समय से इंतजार कर रहे क्षेत्रवासियों के लिए राहत की खबर है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद नर्सिंग कॉलेज को इसी शैक्षणिक सत्र 2026-27 से शुरू करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) सुमिता मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक बुलाई और कॉलेज की तैयारियों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
जानकारी के अनुसार बैठक में महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं मनीष बंसल, निदेशक डीएमईआर, कमिश्नर डीएमईआर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में निर्देश दिए गए कि 3 सितंबर 2026 से पहले पलवल नर्सिंग कॉलेज का सुपरविजन कार्य पूरा किया जाए। इसके लिए एक विशेष सुपरविजन कमेटी गठित की जा रही है।
चार सदस्यीय टीम करेगी कॉलेज का निरीक्षण
सुपरविजन कमेटी में निदेशक, मेडिकल कॉलेज छायसा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) पलवल, कार्यकारी अभियंता (XEN) पलवल तथा डीएमईआर के संबंधित तकनीकी अधिकारी शामिल किए जाने की जानकारी है। यह टीम कॉलेज में उपलब्ध भवन, हॉस्टल, प्रयोगशालाओं, कक्षाओं सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण करेगी।
7 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित
कॉलेज को शुरू करने के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाओं को पूरा करने के उद्देश्य से करीब 7 करोड़ रुपये का बजट प्रस्तावित किया गया है। यह राशि स्वीकृति के लिए भेजी गई है। वहीं कॉलेज के संचालन एवं रखरखाव पर करीब 25 लाख रुपये प्रतिमाह खर्च आने का अनुमान है।
प्रस्तावित बजट से हॉस्टल के कमरों के नवीनीकरण, नए बेड एवं गद्दे उपलब्ध कराने, आवासीय सुविधाओं तथा वॉशरूम की मरम्मत के अलावा अकादमिक सुविधाओं को बेहतर करने का प्रस्ताव है। कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशालाएं, लाइब्रेरी, नई पुस्तकों एवं शेल्फ की व्यवस्था तथा कक्षाओं में नया फर्नीचर और स्मार्ट क्लासरूम सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी योजना है।
इसी सत्र से शुरू हो सकती है पढ़ाई
बताया गया है कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार नर्सिंग कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से दाखिले एवं कक्षाएं शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। कमेटी के सुपरविजन और आवश्यक वित्तीय स्वीकृतियां मिलने के बाद कॉलेज को शुरू करने की अंतिम प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
कॉलेज को शुरू कराने को लेकर डॉ. हरित बैसला की मुख्यमंत्री से हुई मुलाकातों तथा लंबे समय से किए जा रहे प्रयासों के साथ-साथ प्रदेश के मंत्री गौरव गौतम के स्तर पर किए गए प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया जा रहा है। कॉलेज शुरू होने से पलवल और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में स्थानीय स्तर पर बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।
Palwal, Palwal | Aug 25, 2026