तीर्थ नगरी सोरों बस स्टैंड पर रोडवेज चालक की पैंट चोरी, नकदी और जरूरी दस्तावेज ले गए चोर
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान, पुलिस से कार्रवाई की मांग
सोरों। राजस्थान रोडवेज के एक चालक ने बस स्टैंड परिसर में चोरी की घटना को लेकर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। चालक का आरोप है कि रात के समय बस स्टैंड स्थित विश्राम कक्ष में सोते दौरान उसकी पैंट चोरी कर ली गई, जिसमें नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे।
जयपुर निवासी एवं राजस्थान रोडवेज बस संख्या RJ14PE-5034 के चालक दिनेश कुमार पुत्र बनवारी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी बस जयपुर से सोरों आती है। घटना वाली रात बस स्टैंड पर बस खड़ी थी और वह परिचालक के साथ बस स्टैंड के विश्राम कक्ष में सो रहे थे। उनके कपड़े कमरे की खिड़की पर टंगे हुए थे।
आरोप है कि रात करीब 11:31 बजे सनी पुत्र उत्तम चंद निवासी बहादुर नगर, थाना सोरों ने डंडे की सहायता से उनकी पैंट खींचकर निकाल ली। पैंट में करीब 4 हजार रुपये की नकदी तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे, जिन्हें आरोपी अपने साथ ले गया।
पीड़ित चालक का कहना है कि रोडवेज परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर ली गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।