प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
05 सितंबर 2026
शीर्षक: जमुई समाहरणालय में जिला शिक्षक पुरस्कार-2026 समारोह का गरिमामय आयोजन।जिले के 20 उत्कृष्ट शिक्षक जिला पदाधिकारी द्वारा सम्मानित।
जमुई: पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर आयोजित शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में जिले में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, नवाचार, कर्तव्यनिष्ठा एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में उल्लेखनीय भूमिका निभाने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित एवं सम्मानित करने के उद्देश्य से समाहरणालय, जमुई में जिला शिक्षक पुरस्कार-2026 समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी द्वारा जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित 20 उत्कृष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित शिक्षकों को संबोधित करते हुए जिले की शैक्षणिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी बनाने के लिए सामूहिक प्रयास का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की समाप्ति के बाद उसके प्रभावों से जिले को पूरी तरह मुक्त करते हुए विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिले में शैक्षणिक गतिविधियों को नई गति देने पर विशेष बल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों को अपेक्षित सफलता तक पहुंचाने के लिए शिक्षकों की सक्रिय सहभागिता, प्रतिबद्धता एवं सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
शिक्षा के वास्तविक उद्देश्य एवं शिक्षक की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए आगे जिला पदाधिकारी ने कहा कि बच्चों का सर्वांगीण विकास केवल विद्यालय भवन एवं भौतिक संसाधनों से नहीं, बल्कि योग्य, संवेदनशील एवं समर्पित शिक्षक के मार्गदर्शन से सुनिश्चित होता है। उन्होंने शिक्षकों से पाठ्यक्रम एवं पुस्तकीय ज्ञान के साथ बच्चों को व्यवहारिक शिक्षा प्रदान करने तथा उनमें स्वच्छता, अनुशासन, सेवा भावना, श्रम के प्रति सम्मान एवं मानवीय मूल्यों का विकास करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक स्वयं अपने आचरण से इन मूल्यों का उदाहरण प्रस्तुत करें, क्योंकि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण पर शिक्षक के व्यवहार एवं कार्यशैली का गहरा प्रभाव पड़ता है। शिक्षक अपने ज्ञान, आचरण एवं नेतृत्व के माध्यम से बच्चों को जिम्मेदार, संवेदनशील एवं बेहतर नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने उपस्थित विद्यार्थियों को अपने गुरुओं के प्रति आदर एवं सम्मान का भाव रखने, पूरी निष्ठा और मेहनत से अध्ययन करने तथा नशे जैसी सामाजिक कुरीतियों से पूरी तरह दूर रहने की सीख दी।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, जमुई ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक समाज में सकारात्मक परिवर्तन के सबसे महत्वपूर्ण वाहकों में हैं। उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार केवल उपलब्धि का सम्मान नहीं, बल्कि भविष्य में और बेहतर कार्य करने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ अनुशासन, संवेदनशीलता, वैज्ञानिक सोच एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का आह्वान किया।
जिला शिक्षा पदाधिकारी, जमुई ने सम्मानित शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्कृष्ट कार्यों की पहचान और सम्मान से शिक्षा के क्षेत्र में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं उत्कृष्टता को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अन्य शिक्षकों से भी उत्कृष्ट कार्यों को अपनाते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर प्रयास करने की अपील की।
आज के इस कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी के साथ अपर समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, उद्योग महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र जमुई सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
Jamui, Bihar | Sep 5, 2026