छेड़छाड़ का विरोध किया तो घर तक पहुंचे आरोपी...
गांव महावतपुर में एक महिला और उसके परिवार से मारपीट करने और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर को गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान महावतपुर निवासी नवाब और शोएब के रूप में हुई है। दोनों प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं।
गली में हुई कहासुनी, फिर घर पहुंचने का आरोप
महिला ने भूपानी थाने में दी शिकायत में बताया कि 10 नवंबर की रात वह अपने पति और भांजी के साथ गली में टहल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान नवाब, शोएब और उनके साथियों ने उनके साथ गाली-गलौज की। महिला के मुताबिक, कुछ देर बाद दोनों अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचे। वहां उन्होंने परिवार के साथ मारपीट की और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। शिकायत पर भूपानी थाने में मामला दर्ज किया गया।
नवाब न्यायिक हिरासत में, शोएब पुलिस रिमांड पर
पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि गली में कहासुनी के बाद नवाब ने अपने भतीजे शोएब को फोन कर बुलाया था। पुलिस के अनुसार, शोएब हथियार लेकर अपने साथियों के साथ महिला के घर पहुंचा था।
क्राइम ब्रांच ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने नवाब को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया और शोएब को पुलिस रिमांड पर सौंप दिया।
Panipat, Panipat | Nov 12, 2026