छठ घाटों पर मुस्तैद रहा जिला प्रशासन, शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ संध्या अर्घ्य
जहानाबाद : लोक आस्था का महापर्व छठ रविवार को जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। संध्या अर्घ्य के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने मखदुमपुर, काको एवं संगम घाट सहित जिले के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने घाटों पर सुरक्षा, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और श्रद्धालुओं के आवागमन की स्थिति देखी। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिला प्रशासन की ओर से प्रमुख घाटों पर चेंजिंग रूम, चिकित्सा सुविधा और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई थी।
आपात स्थिति से निपटने के लिए राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम और स्थानीय गोताखोरों को तैनात किया गया था। संवेदनशील घाटों पर विशेष निगरानी रखी गई। वहीं, सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और वरीय अधिकारी अपने-अपने निर्धारित घाटों पर मौजूद रहकर भीड़ प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सोमवार की सुबह होने वाले उदीयमान सूर्य के अर्घ्य तक घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और सुरक्षा की व्यवस्था बरकरार रखी जाए। सभी प्रतिनियुक्त अधिकारी एवं कर्मी पूरी सतर्कता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।डीएम ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए श्रद्धालुओं से सुरक्षा निर्देशों का पालन करने, गहरे पानी में जाने से बचने और घाटों पर स्वच्छता एवं शांति बनाए रखने की अपील की।
Jehanabad, Jehanabad | Nov 15, 2026