नगर पंचायत कार्यालय में ड्यूटी के दौरान सोते मिले कर्मचारी, वीडियो वायरल होते ही एक्शन
.
ईओ ने जारी किया कारण बताओ नोटिस, दोषी कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश
.
#औरैया। जनपद औरैया की अटसू नगर पंचायत कार्यालय से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में नगर पंचायत कार्यालय के कर्मचारी ड्यूटी के दौरान अध्यक्ष कक्ष में कुर्सियां लगाकर आराम करते नजर आए। जबकि दूसरी ओर अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे लोग कार्यालय में भटकते रहे।
बताया जा रहा है कि स्थानीय नागरिक पहले से ही जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायतों के समय से निस्तारण न होने को लेकर नाराज हैं। इसी बीच कर्मचारियों की कथित लापरवाही का वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
मामले का संज्ञान लेते हुए नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) प्रदीप कुमार गौतम तथा अध्यक्ष प्रतिनिधि स्वदेश पोरवाल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही सभी दोषी कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि कार्यालय में अनुशासनहीनता और जनता के कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मामले की जांच के बाद आवश्यकतानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।
#रिपोर्ट: आकाश अक्की | औरैया
Hardoi, Hardoi | Jul 11, 2026