*दीपावली त्यौहार के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों का सघन अभियान*
*भिण्ड में मावा, घी और सरसों तेल के लिए नमूने*
*भिण्ड 21 अक्टूबर 2026/*
दीपावली के त्योहार के दृष्टिगत जिला कलेक्टर श्री पवन कुमार जैन के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों की सघन जांच अभियान प्रारंभ किया गया है। इस क्रम में मौ क्षेत्र एवं शहर के विभिन्न प्रतिष्ठानों से मावा, घी और सरसों तेल के नमूने जांच हेतु लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती किरन सेंगर ने मौ क्षेत्र के ग्राम पखोजिया स्थित सोनू राठौर की डेयरी तथा रामबिहारी राठौर की सिद्धबाबा डेयरी से मावा एवं घी के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत लिए। ग्राम छेंकुरी स्थित अनिल परिहार डेयरी से मावा का नमूना लेने के साथ ही प्रतिष्ठान को धारा 32 का नोटिस जारी किया गया।
नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल के आदेशानुसार लोकल ब्रांड के तेलों के नमूने लेने एवं निरीक्षण हेतु खाद्य सुरक्षा अधिकारी कु. रेखा सोनी ने घर गृहस्थी बाजार, संतोषी माता रोड़ पहुंचकर चम्बल भोग ब्रांड की कच्ची घानी सरसों तेल का नमूना जांच हेतु लिया।
प्रशासन का उद्देश्य त्योहार के दौरान उपभोक्ताओं तक शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ पहुंचाना सुनिश्चित करना है। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।