गोदामों में चल रही थीं कोचिंग, तहसीलदार विजय कुमार त्यागी के औचक निरीक्षण में खुली पोल
नरवर: शिवपुरी कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार तहसील नरवर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है इसी क्रम में नरवर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने राजस्व टीम के साथ आज सुबह से नरवर कस्बे में संचालित कोचिंग संस्थानों का औचक निरीक्षण किया
निरीक्षण के दौरान कई कोचिंग संस्थानों में शासन द्वारा निर्धारित अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) मानकों का पालन नहीं पाया गया गंभीर अनियमितताएं मिलने पर प्रशासन ने जागृति इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश, जान्हवी कोचिंग क्लासेज, भार्गव कोचिंग क्लासेज और अनिल कोचिंग क्लासेज को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया
जांच के दौरान एक हैरान करने वाला मामला भी सामने आया राजस्व टीम ने पाया कि कुछ स्थानों पर गोदाम जैसे असुरक्षित भवनों में बच्चों को पढ़ाया जा रहा था यह देखकर तहसीलदार विजय कुमार त्यागी ने कोचिंग संचालकों को कड़ी फटकार लगाई और कहा कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा
तहसीलदार ने कहा कि, आप बच्चों के भविष्य और उनकी जान दोनों के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं यदि किसी प्रकार की दुर्घटना हो जाती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा लखनऊ में हुए अग्निकांड में कई विद्यार्थियों की जान चली गई थी ऐसे हादसों से सबक लेने की जरूरत है उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जो भी कोचिंग संस्थान संचालित होंगे, उन्हें शासन के सभी सुरक्षा नियमों और फायर सेफ्टी मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
बताया गया है कि नरवर तहसीलदार अपनी टीम के साथ सुबह से ही कस्बे में संचालित सभी कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण कर रहे हैं और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.!!