पश्चिम चंपारण के लौरिया थाना क्षेत्र में एनएच-727 पर जिरिया बंगाली माई स्थान के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तीनों युवक एक ही गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान बेलवा लखनपुर पंचायत के मौलानगर जवाहिरपुर गांव निवासी याकुब मियां (20), शाहिल मियां (22) और सुंदर साह के रूप में हुई है। याकुब और शाहिल आपस में चचेरे भाई थे। हादसे में शामिल बाइक सुंदर साह की बताई गई है। बताया गया कि तीनों युवक एक ही बाइक से बेतिया जा रहे थे। जिरिया बंगाली माई स्थान के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची लौरिया पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से उन्हें जीएमसीएच बेतिया रेफर किया गया। बेतिया पहुंचते ही तीनों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को शनिचरी थाना के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। तीनों युवकों की मौत की खबर से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है।
#champaran24news