मानसून सत्र के तीसरे दिन भी विधानसभा के बाहर नारेबाजी, चीनी के दाम और ‘अटैची’ को लेकर आमने-सामने सत्ता-विपक्ष
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन सोमवार को सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही सत्ता पक्ष और विपक्ष आमने-सामने आ गए। विधानसभा परिसर में दोनों पक्षों ने अपने-अपने मुद्दों को लेकर जमकर नारेबाजी की। इससे एक बार फिर विधानसभा परिसर का माहौल गरमा गया।
सत्तापक्ष के विधायकों ने चीनी के बढ़े हुए दामों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा और ‘चीनी चोर’ के नारे लगाए। सत्तापक्ष का आरोप रहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई बढ़ रही है और आम जनता पर इसका सीधा असर पड़ रहा है।
वहीं, विपक्ष ने पलटवार करते हुए ‘दिल्ली अटैची भेजी है’ के नारे लगाए। विपक्ष की ओर से नीरज भारती के उस बयान का हवाला दिया गया, जिसमें अटैची दिल्ली भेजने की बात कही गई थी। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधते हुए नारेबाजी की।
तीसरे दिन भी सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर देखने को मिला। मानसून सत्र में लगातार जारी गतिरोध के बीच सोमवार को भी विधानसभा परिसर में सियासी माहौल गरमाया रहा। विधानसभा का मौजूदा मानसून सत्र 21 अगस्त से 3 सितंबर तक चल रहा है।
Dharmpur, Mandi | Aug 24, 2026