देवास शहर के भोपाल रोड स्थित सेंट्रल इंडिया एकेडमी में अज्ञात चोरों ने धावा बोलते हुए फीस काउंटर से करीब 70 हजार रुपये चोरी कर लिए। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार, चोरों ने स्कूल के दो दरवाजों के लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया। स्कूल परिसर में रखी फाइलें और अन्य सामान भी अस्त-व्यस्त मिला। चोरों के स्कूल में प्रवेश करने का CCTV फुटेज भी सामने आया है। सूचना मिलते ही बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। वहीं, स्कूल के आगे स्थित चेतन्य टेक्नो स्कूल में भी चोरों के घुसने की सूचना सामने आई है। पुलिस दोनों घटनाओं को लेकर जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार सेंट्रल इंडिया एकेडमी से लगभग 70 हजार रुपये की चोरी हुई है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है।