बनास नदी में नहाने गए दो बच्चे डूबे, SDRF की टीम तलाश में जुटी
गड़हनी। भोजपुर जिले के गड़हनी थाना क्षेत्र के शांति नगर वार्ड संख्या-दो निवासी दो 10 वर्षीय बच्चे शनिवार की दोपहर बनास नदी में नहाने के दौरान डूब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। डूबने वाले बच्चों की पहचान हिमांशु केसरी, पिता चंदन केसरी और प्रीतम केसरी, पिता रविन्द्र केसरी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, छह बच्चे शनिवार की दोपहर करीब 3:30 बजे नहाने के लिए बनास नदी में गए थे। इसी दौरान दो बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दोनों बच्चों की तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है। नदी में खोजबीन की जा रही है। भोजपुर पुलिस ने भी दो बच्चों के नदी में डूबने की पुष्टि की है।