विश्व हृदय दिवस पर निःशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित
मऊ। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर शारदा नारायण वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से मदरसा जामिया मिताउल उलूम, शाही कटरा, मऊ में निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाया।
शिविर में निःशुल्क आंखों की जांच के साथ-साथ ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, पीएफटी, लिपिड प्रोफाइल, सहित अन्य आवश्यक जांचों की सुविधा उपलब्ध कराई गई। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया जा रहा है।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया। इस दौरान डॉ. विनिता सिंह (पेडियाट्रिक, एमडी) तथा डॉ. मालविका राय (डीएनबी) सहित चिकित्सकीय टीम मौजूद रही।
आयोजकों ने बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को आवश्यक चिकित्सा जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है। शिविर में पहुंचे लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए आयोजकों का आभार जताया।