चुनावी समर में अनूठी पहल: आप प्रत्याशी मुन्नी देवी ने परिजनों के साथ लगाई कनक दंडवत...
हिंडौन सिटी। पंचायती राज चुनाव की सरगर्मियों के बीच प्रत्याशियों द्वारा मतदाताओं को लुभाने के नए-नए तरीके देखने को मिल रहे हैं। आम तौर पर श्रद्धालु मन्नत पूरी होने पर धार्मिक स्थलों और मंदिरों में कनक दंडवत करते हैं,लेकिन शेरपुर-सूरौठ पंचायत समिति के वार्ड नंबर 14 में चुनावी माहौल के बीच एक बेहद अनोखा नजारा देखने को मिला। यहां आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी मुन्नी देवी जाटव और उनके परिजनों ने चुनाव में अपनी जीत और जनता के समर्थन के लिए गुरुवार को खिजूरी गांव स्थित मंदिर से कनक दंडवत यात्रा की शुरुआत की है। यह दंडवत पूरी खिजूरी सहित पंचायत समिति के वार्ड नंबर 14 के गांव,उसकी सीमाओं और रास्तों में लगाई जाएगी। कनक दंडवत करते हुए प्रत्याशी और उनके परिवार ने ग्रामीणों से अपने पक्ष में मतदान करने और आशीर्वाद देने की भावुक अपील की। आप प्रत्याशी मुन्नी देवी ने कहा कि जनता का आशीर्वाद ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। क्षेत्र के विकास और जनसेवा की भावना के साथ हम जनता के द्वार पर नतमस्तक हैं।
पूरा परिवार उतरा चुनावी समर में: इस अनोखी दंडवत यात्रा के दौरान प्रत्याशी मुन्नी देवी के पति श्रीफूल,बेटे पिंटू बंसीवाल और हरिओम बंसीवाल सहित उनकी पुत्रवधू और छोटे पोते-पोतियां भी साथ रहे। पूरा परिवार एक साथ कनक दंडवत करते हुए मतदाताओं से वोट की अपील करता नजर आया। चुनाव के दौरान प्रत्याशी और उनके पूरे परिवार को इस तरह आस्था और भक्ति भाव से कनक दंडवत करते देख खिजूरी गांव के लोगों में भारी कौतूहल और उत्साह देखने को मिल रहा है। रास्तों में जगह-जगह ग्रामीण इस यात्रा को देखने के लिए एकत्र हो रहे हैं और प्रत्याशी परिवार के इस समर्पण की चर्चा पूरे क्षेत्र में जोरों पर है।