देवास में मवेशी चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार; ₹4.40 लाख का माल जब्त
खेत से बछड़ा चोरी करने के बाद पिकअप से बड़वानी ले जाकर हाट बाजारों में बेचते थे आरोपी, तीन मवेशी बरामद
देवास। खेतों से मवेशी चोरी कर उन्हें पिकअप वाहन से दूसरे जिले में ले जाकर बेचने वाले गिरोह का देवास पुलिस ने खुलासा किया है। कमलापुर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का बछड़ा सहित तीन मवेशी और वारदात में इस्तेमाल पिकअप वाहन जब्त किया है। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत 4.40 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्टूबर की रात ग्राम करौंदिया निवासी गणपत जाट के खेत से एक बछड़ा चोरी हो गया था। शिकायत पर कमलापुर थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के गांवों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर तीन संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
आवारा मवेशियों को बनाते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने स्थानीय साथियों की मदद से आवारा मवेशियों, खासकर बैल और बछड़ों को चोरी कर पिकअप में ले जाने और बड़वानी के हाट बाजारों में बेचने की बात बताई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मवेशी और पिकअप वाहन क्रमांक MP-41-ZG-7728 जब्त किया। बरामद मवेशियों को सुरक्षित चंद्रकेश्वर गौशाला पहुंचाया गया है।
बड़वानी और देवास जिले के आरोपी शामिल
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुंवरसिंह जामरे (32), निवासी पलसूद, जिला बड़वानी; विजय नावड़े (21), निवासी पानीगांव मोहाड़ा, जिला देवास; और रामसिंह वास्केल (50), निवासी इमलीपुरा, थाना कमलापुर, जिला देवास के रूप में हुई है।
तीनों आरोपियों को 15 अक्टूबर को बागली न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की भूमिका
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन और बागली एसडीओपी संजय सिंह बेस के निर्देशन में की गई। कमलापुर थाना प्रभारी सर्जन सिंह मीणा सहित पुलिस टीम के सदस्यों की इस कार्रवाई में भूमिका रही।
@followers