युवाओं एवं विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से संचालित ’तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0’ के अंतर्गत मंगलवार को बहादरपुर स्थित माध्यमिक विद्यालय में जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तंबाकू एवं तंबाकू उत्पादों के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्परिणामों, जैसे मुंह का कैंसर, हृदय रोग एवं श्वसन संबंधी बीमारियों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को स्वयं तंबाकू सेवन से दूर रहने के साथ ही अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान ’तंबाकू मुक्त शैक्षणिक संस्थान की गाइडलाइंस’ के संबंध में जानकारी देते हुए विद्यालय को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए भारत सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों से अवगत कराया गया। विद्यार्थियों एवं विद्यालय प्रबंधन को परिसर में तंबाकू निषेध संबंधी सूचना बोर्ड लगाने, जागरूकता पोस्टर एवं चार्ट प्रदर्शित करने, तंबाकू मॉनिटर नामित करने तथा विद्यालय की आचार संहिता में तंबाकू निषेध संबंधी नियम शामिल करने की जानकारी दी गई।
साथ ही विद्यालय की बाहरी सीमा से 100 गज (300 फीट) की परिधि को तंबाकू मुक्त क्षेत्र के रूप में चिह्नित करने तथा इस दायरे में तंबाकू उत्पादों की बिक्री प्रतिबंधित रखने के प्रावधानों के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम 2003 के प्रावधानों की जानकारी भी दी गई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. वर्मा के मार्गदर्शन एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. भरत चौधरी के नेतृत्व में जिले में अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
CM Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh Department of School Education, Madhya Pradesh #JansamparkMP #burhanpur