शरद नवरात्रों को लेकर कांगड़ा-चामुंडा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात |
Kangra Express
कांगड़ा : शरद नवरात्रों के दौरान मां बज्रेश्वरी देवी मंदिर, कांगड़ा और मां चामुंडा मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए दोनों शक्तिपीठों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
जिला कांगड़ा के एसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि मंदिर परिसरों, प्रवेश और निकास मार्गों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। मां बज्रेश्वरी देवी मंदिर में दर्शन के बाद वापस जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए कछयारी मार्ग निर्धारित किया गया है। यदि श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती है और यातायात पर दबाव पड़ता है, तो जरूरत के अनुसार वैकल्पिक व्यवस्था भी लागू की जाएगी।
एसपी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और ट्रक व ट्रैक्टर जैसे वाहनों में सफर करने से बचें। नवरात्रों के दौरान यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नूरपुर और देहरा पुलिस भी आपसी समन्वय से सहयोग करेगी।
पुलिस प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध करवाना और मां के दर्शन की व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना है। श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्गों का इस्तेमाल करने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
Kangra, Kangra | Oct 10, 2026