उत्तर प्रदेश के मऊ में नवरात्रि और दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया। सहायक आयुक्त खाद्य मंजूषा सिंह के नेतृत्व में टीम ने कोपागंज के देकवारा स्थित नयन डेयरी पर औचक छापेमारी की। इस दौरान मिलावट के संदेह में दूध, खोया, घी, मिल्क क्रीम समेत छह खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। निरीक्षण में अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे गए 60 लीटर दूध और 90 किलोग्राम मिल्क क्रीम को मौके पर नष्ट कराया गया, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 29 हजार 400 रुपये बताई गई है। निर्माण परिसर में अस्वच्छ परिस्थितियां पाए जाने पर नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा अन्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुट्टू और सिंघाड़े के आटे के नमूने भी लिए गए। विभाग ने कारोबारियों को साफ-सफाई, सुरक्षित भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।