टूटी सड़क से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित, जिला परिषद सदस्य लालबाबू चौधरी ने कराया त्वरित समाधान
Input मखन कुमार
योगापट्टी प्रखंड के बगही पुरैना पंचायत अंतर्गत हरपुरवा कोठी नया बसीना के पास टूटी सड़क के कारण ग्रामीणों का आवागमन लंबे समय से प्रभावित था। क्षेत्र भ्रमण के दौरान जिला परिषद क्षेत्र संख्या-14 के सदस्य लालबाबू चौधरी मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया और बताया कि सड़क टूट जाने से मुख्य मार्ग से संपर्क लगभग कट गया है, जिससे दैनिक आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों की शिकायत सुनने के बाद लालबाबू चौधरी ने तत्काल पहल करते हुए सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई स्थानों पर जर्जर सड़क, जलजमाव और कीचड़ की समस्याएं सामने आई हैं। इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग से नई सड़कों के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही सभी प्रभावित गांवों में सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराकर लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ग्रामीणों ने त्वरित कार्रवाई के लिए जिला परिषद सदस्य का आभार व्यक्त किया।