हरफनमौला गायक किशोर कुमार की जयंती पर आनंद हॉस्पिटल में सुरमई संगोष्ठी का आयोजन
आरा (भोजपुर): शहर के रमना पकड़ी रोड स्थित आनंद हॉस्पिटल में महान गायक एवं हरफनमौला कलाकार किशोर कुमार जी की जयंती श्रद्धा और संगीतमय माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम का सफल आयोजन समाजसेवी व भाजपा के सक्रिय सदस्य अमरदीप कुमार 'जय' द्वारा किया गया, जबकि अध्यक्षता भाजपा चिकित्सा मंच के जिलाध्यक्ष डॉ. के. एन. सिन्हा ने की।
समारोह के दौरान शहर के नामचीन गायकों और संगीत प्रेमियों ने स्व. किशोर कुमार के चित्र पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात स्थानीय कलाकारों ने किशोर दा के एक से बढ़कर एक सदाबहार नगमे पेश कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
जन्मजात बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे किशोर दा: डॉ. के. एन. सिन्हा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. के. एन. सिन्हा ने कहा कि किशोर कुमार जन्मजात कलाकार थे। उन्होंने बिना किसी औपचारिक शास्त्रीय संगीत शिक्षा के भी गायन, अभिनय, निर्देशन और संगीत निर्देशन के क्षेत्र में जो मुकाम हासिल किया, वह अद्वितीय है। वे एक सच्चे मस्तमौला इंसान और बहुमुखी प्रतिभा के मालिक थे। डॉ. सिन्हा ने स्वास्थ्य के दृष्टिकोण से संगीत के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संगीत मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का सशक्त माध्यम है।
गायकों ने बांधी समां, गूंजे किशोर दा के नगमे
जयंती समारोह के मुख्य गायकों में अधिवक्ता पप्पू पुरुषोत्तम, मोहम्मद मंजूर, मोहम्मद फैज़ान, मोहम्मद इस्लाम, नासिर हुसैन एवं स्वयं डॉ. के. एन. सिन्हा शामिल रहे।
अधिवक्ता पप्पू पुरुषोत्तम ने "पग घुंघरू बांध मीरा नाची थी", "मेरे यार को मना ले" और "भोले ओ भोले" जैसे गीतों से माहौल को भक्ति और उत्साह से भर दिया।
मोहम्मद मंजूर ने "दिल को देखो चेहरा न देखो" तथा "मेरे नैना सावन भादो" गाकर श्रोताओं की खूब वाहवाही बटोरी।
नासिर हुसैन ने "मंजिलें अपनी जगह रास्ते अपनी जगह" प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. के. एन. सिन्हा ने उपस्थित सभी संगीत प्रेमियों एवं अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
आयोजक: अमरदीप कुमार 'जय' (समाजसेवी व सक्रिय सदस्य, भाजपा)
अध्यक्षता: डॉ. के. एन. सिन्हा (जिलाध्यक्ष, भाजपा चिकित्सा मंच, भोजपुर)
Arrah, Bhojpur | Aug 6, 2026