विकासखंड तामिया में पौधारोपण के साथ स्वैच्छिकता पर्व का शुभारंभ, जन अभियान परिषद ने मनाया स्थापना दिवस
=============================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग, मध्यप्रदेश शासन) के स्थापना दिवस के अवसर पर 'स्वैच्छिकता पर्व' का शुभारंभ किया गया। 4 जुलाई से 12 अगस्त 2026 तक चलने वाले इस राज्यव्यापी अभियान के तहत जिले के विकासखंड तामिया में आज प्रथम दिवस का कार्यक्रम अध्ययन केंद्र शासकीय महाविद्यालय तामिया में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन विकासखंड समन्वयक श्रीमती ललिता कुशरे के नेतृत्व में हुआ। इस अवसर पर परामर्शदाता श्री सुभाष मिनोटे, श्री पंकज राय, श्रीमती स्वाती सूर्यवंशी, श्री महेंद्र यादव, श्री संदीप राज तथा नवांकुर संस्था से श्री प्रदीप उइके उपस्थित थे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता की।
स्थापना दिवस के अवसर पर सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं सहयोगियों ने पौधारोपण किया तथा स्वच्छता गतिविधि में भाग लिया। साथ ही समाज एवं व्यक्ति के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य करने की शपथ ली और एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान स्वैच्छिकता पर्व के अंतर्गत आयोजित की जाने वाली आगामी गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। इसमें पर्यावरण संरक्षण के लिए 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत व्यापक पौधारोपण, समाज को व्यसनमुक्त बनाने के उद्देश्य से नशामुक्ति शपथ तथा सेवा भावना को बढ़ावा देने वाली विभिन्न गतिविधियों पर विशेष जोर दिया गया।
शासकीय महाविद्यालय तामिया में आयोजित इस कार्यक्रम में परिषद से जुड़ी प्रस्फुटन समितियों, नवांकुर संस्थाओं, नवांकुर सखी, सीएम सोशल इंटर्न, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं एवं परामर्शदाताओं ने ग्राम एवं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।