कलेक्टर के निर्देश पर बदरवास में बड़ी कार्रवाई, 300 क्विंटल से अधिक शासकीय चावल जब्त; गोदाम सील
अवैध परिवहन में इस्तेमाल ट्रक जब्त, गोदाम संचालक पर FIR; दो ट्रक चालकों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
शिवपुरी, 24 सितंबर 2026। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर जिले में शासकीय खाद्यान्न के अवैध भंडारण, परिवहन और कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में बदरवास में संयुक्त प्रशासनिक टीम ने कार्रवाई करते हुए 300 क्विंटल से अधिक शासकीय उचित मूल्य का चावल जब्त किया और संबंधित गोदाम को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार, बदरवास में शासकीय चावल के अवैध भंडारण एवं परिवहन की सूचना मिलने पर कलेक्टर ने अधिकारियों को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद तहसीलदार बदरवास सचिन भार्गव, जिला आपूर्ति अधिकारी तुलेश्वर कुर्रे, सहायक आपूर्ति अधिकारी जसराम जाटव एवं जयदीप सिंह लोधी तथा कृषि उपज मंडी सचिव नरेंद्र जाटव की संयुक्त टीम ने रियांशी ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गोदाम परिसर में करीब 300 क्विंटल शासकीय चावल पाया गया। चावल को ट्रक में भरकर परिवहन की तैयारी की जा रही थी। टीम ने चावल से भरे ट्रक को जब्त कर थाना बदरवास की अभिरक्षा में रखवाया और गोदाम को सील कर दिया। मामले में कंपनी संचालक सचिन मंगल पिता ब्रजेश मंगल के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
वहीं, लोक शांति भंग करने की स्थिति को देखते हुए ट्रक चालक हेमराज गुर्जर एवं मुकेश गुर्जर के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और उन्हें जेल भेजा गया।
आटा मिल में भी मिला शासकीय चावल
संयुक्त टीम ने स्टेशन रोड स्थित जय गुरुदेव आटा मिल, संचालक पंकज गर्ग, की भी जांच की। यहां करीब 8 क्विंटल शासकीय चावल पाया गया। टीम ने खाद्यान्न जब्त कर नियमानुसार सैंपल लिए और संबंधितों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू की।
कलेक्टर ने दी सख्त चेतावनी
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने कहा कि शासकीय उचित मूल्य का खाद्यान्न पात्र एवं जरूरतमंद हितग्राहियों के लिए आवंटित होता है। इसके अवैध भंडारण, हेराफेरी या परिवहन को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि शासकीय राशन के अवैध परिवहन या कालाबाजारी में संलिप्त पाए जाने पर वाहन राजसात करने सहित संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
P.NEWZ INDIA
सच के साथ हर कदम