अदाणी पावर प्लांट में फिर हादसा, श्रमिक के ऊपर गिरा भारी बिजली पोल
निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट में श्रमिक सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, हाइड्रा से खड़ा किया जा रहा भारी पोल गिरने से ओबरा निवासी युवक गंभीर रूप से घायल
निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट में बुधवार को एक बार फिर बड़ा हादसा हो गया। हाइड्रा की मदद से खड़ा किया जा रहा भारी बिजली पोल अचानक श्रमिक के ऊपर जा गिरा। हादसे में ओबरा निवासी एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान भारी बिजली पोल को हाइड्रा के जरिए खड़ा किया जा रहा था। इसी दौरान पोल अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर गया और उसकी चपेट में श्रमिक आ गया। गंभीर हालत में घायल युवक को उपचार के लिए मिर्जापुर अस्पताल ले जाने की बात सामने आ रही है।
हादसे के बाद निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आखिर भारी पोल खड़ा करने के दौरान सुरक्षा के निर्धारित मानकों का कितना पालन किया जा रहा था और मौके पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे या नहीं, यह जांच का विषय है।
घटना की जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी स्पष्ट हो सकेगी। निर्माणाधीन प्लांट में लगातार सामने आ रहे हादसों के बीच श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिम्मेदार अधिकारियों से भी सवाल उठने लगे हैं।
#Mirzapur #AdaniPowerPlant #अदाणीपावरप्लांट #हादसा #श्रमिकसुरक्षा #MirzapurNews #TodayMirzapur