#बलरामपुर ; सीएचसी सादुल्लानगर का डीएम ने किया औचक निरीक्षण: मरीजों का जाना हाल, 10 लाख से लेबर रूम के कायाकल्प के निर्देश...
#सादुल्लानगर/#बलरामपुर। जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सादुल्लानगर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को परखा और भर्ती मरीजों व उनके तीमारदारों से सीधा संवाद कर मिल रही सुविधाओं का फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने इमरजेंसी, वार्ड, एनबीएसयू (नवजात शिशु स्थिरीकरण इकाई) और लेबर रूम की स्थिति देखी। प्रसव सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर देते हुए उन्होंने घोषणा की कि 'क्रिटिकल गैप फंड' से 10 लाख रुपये की लागत से लेबर रूम का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य जल्द शुरू कराने के कड़े निर्देश दिए।
स्थानीय स्तर पर मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने और अनावश्यक रेफरल रोकने के लिए डीएम ने ऑपरेशन थिएटर (ओटी) को नियमित रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ओटी संचालन के लिए रोटेशन के आधार पर एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
अस्पताल परिसर में जर्जर व निष्प्रयोज्य भवनों को देखकर जिलाधिकारी ने नियमानुसार मूल्यांकन कराकर उनके ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए, जिससे खाली जमीन का बेहतर उपयोग हो सके। उन्होंने अस्पताल में साफ-सफाई और दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने की हिदायत भी दी।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) हिमांशु गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के तमाम अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
#balrampur #dmbalrampur #DMBalrampur
Balrampur, Balrampur | Sep 4, 2026