मौत बनकर दौड़ा कोयला लदा ट्रक, 7 की दर्दनाक मौत
रामगढ़ जिला में गुरुवार की रात काली बन गई है यह रात दर्द और मातम के साथ चीखपुकार से गूंज उठा. रजरप्पा थाना क्षेत्र के लारी-बरलौंग के समीप रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग (एनएच-23) में कोयला लदे एक ट्रक ने एक सवारी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है. जिसे रांची रेफर कर दिया गया है.
तेज रफ्तार से रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक की आमने-सामने टक्कर में पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए.
जानकारी के अनुसार सभी ताशा पार्टी के सदस्य थे और मुहर्रम पर्व में कार्यक्रम संपन्न करने के बाद गांव लौट रहे थे. ताशा पार्टी रामगढ़ से मारगामरचा आए थे। यहां से उन्हें फिर बलसगरा जाना था.
सूचना मिलने पर रजरप्पा, रामगढ़ और गोला थाना की पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया.
बता दें कि एक ही स्थान पर चार दिन के भीतर 12 लोगों की मौत ने सड़क सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं किए गए तो आगे भी ऐसे हादसे होते रहेंगे.
फिलहाल पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, ताशा पार्टी में शामिल 2 युवक रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव तथा 5 युवक कुजू के बलसगरा गांव के निवासी थे.