सूने घर में लाखों की चोरी: बाइक, 2 लाख नकद और सोने-चांदी के जेवर ले उड़े चोर, गेहूं-दाल तक नहीं छोड़ी--
छतरपुर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सौरा रोड स्थित मित्तल कॉलेज के समीप सूने घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपए की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता चंदा अहिरवार पति बबलू के साथ दौनी गांव गई थीं, जबकि किरायेदार तारिक रायन मुंबई गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने घर के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और जमकर चोरी की। वही सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार पुलिस ने मोटरसाइकिल को बरामद कर लिया है।
चोर घर से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (MP 16 ZC 4905), करीब एक तोला सोने की चेन, लगभग 250 ग्राम चांदी की पायल-बिछिया, गाड़ी की किस्त के लिए रखे 2 लाख रुपये नकद सहित अन्य कीमती सामान ले गए। इतना ही नहीं, घर में रखा गेहूं और दाल भी चोर उठा ले गए।
पड़ोसियों की सूचना पर चंदा अहिरवार परिवार सहित घर पहुंचीं तो अंदर का सामान बिखरा मिला और चोरी का पता चला। पीड़िता के अनुसार, कुल मिलाकर लगभग 5 लाख रुपये की संपत्ति चोरी हुई है।
घटना की सूचना तत्काल 112 डायल और कंट्रोल रूम को दी गई। सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची, घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामला दर्ज कर अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी है।