गरीबों और वंचितों के पुरोधा हैं लालू यादव: राजद कार्यकर्ता
रजौली में धूमधाम से मनाया गया राजद का 30 वां स्थापना दिवस
सनोज कुमार संगम
रजौली राष्ट्रीय जनता दल के 30वां स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को रजौली के ब्लॉक रोड स्थित राजद के प्रधान कार्यालय में जिला उपाध्यक्ष सह पूर्व प्रमुख रामचंद्र यादव की अध्यक्षता में धूमधाम से मनाया गया।
इस कार्यक्रम की शुरुआत राजद कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से मिलकर दीप प्रज्वलित से की। उसके बाद कार्यकर्ताओं ने लगभग 2 घंटे तक गीत-संगीत बजाकर स्थापना दिवस का आनंद लिया।
राजद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि लालू यादव के द्वारा गरीबों, शोषितों, वंचितों और अनुसूचित जातियों के लिए राजद की स्थापना की गई थी। राजद का शुरू से ही यह उद्देश्य रहा है कि गरीबों एवं वंचितों को रक्षा-सुरक्षा करते हुए उन्हें न्याय दिलाकर सहयोग किया जाए। कार्यकर्ताओं ने एक सुर में कहा कि पहले गरीबों एवं वंचितों को सही से बोलने और लोगों के समक्ष खड़े होने का अधिकार नहीं था। यह अधिकार बिहार में लालू यादव ने दिलाया है। आज के समय में वंचित एवं गरीब-गुरवा पूरे हक़ से सभी जगह लोगों के समक्ष खड़ा होने की ताकत रखता है। अगर लालू यादव के द्वारा राजद की स्थापना नहीं की जाती तो अंतिम पंक्ति में खड़े गरीबों शोषितों और वंचितों को बोलने और खड़ा रहने का अधिकार नहीं मिलता। आज भी प्रखंड कार्यालय में लोग पूरी हिम्मत के साथ जाते हैं। कार्यकर्ताओं ने एनडीए सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज सामंतवादियों की सरकार है। जिसमें गरीब, शोषितों और वंचितों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसकी सरकार में महंगाई, बेरोजगारी चरम सीमा पर पहुंच गई है। साथ ही कार्यकर्ताओं ने कहा कि आज बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हैं। वह भी लालू यादव की ही वजह से हैं। लालू यादव ने अनुसूचित समाज को आगे बढ़ाने का काम किया है।
मौके पर राजद के राज्य परिषद सदस्य नंदकिशोर यादव, राजद के कार्यकारी प्रखंड अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, प्रो शिव कुमार प्रसाद, कृष्णा प्रसाद, अशोक यादव, तनवीर खान, देवनंदन यादव, दिनेश चंद्रवंशी, अंधरवारी पैक्स अध्यक्ष राजेश कुमार, शिवदानी यादव, कंचन कुमार, सरयू यादव, देवेंद्र यादव, रामबालक प्रसाद, रेखा देवी, समेत दर्जनों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Rajauli, Nawada | Jul 6, 2026