खानपुर से ग्वालियर तक चैंपियन का जलवा- ग्वालियर के राष्ट्रीय दंगल में मुख्य अतिथि होंगे कुंवर चैंपियन, आयोजकों ने दिया न्योता,चैंपियन ने निमंत्रण किया स्वीकार..
प्रिंस शर्मा रुड़की/हिंदुस्तान समाचार।।
खानपुर के पूर्व विधायक और उत्तराखंड की राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन अब मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आयोजित होने जा रहे राष्ट्रीय स्तर के दंगल में अपनी मौजूदगी दर्ज कराएंगे। 16 नवंबर को ग्वालियर में होने वाली विशाल कुश्ती प्रतियोगिता में कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। आयोजकों के विशेष निमंत्रण को चैंपियन ने स्वीकार कर लिया है। इस दौरान उन्होंने कुश्ती और व्यायाम को युवाओं के बेहतर भविष्य और नशामुक्त समाज का मजबूत आधार बताया। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में होने जा रहे विशाल राष्ट्रीय स्तर के दंगल में इस बार उत्तराखंड के खानपुर क्षेत्र की भी खास मौजूदगी देखने को मिलेगी। खानपुर के पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को इस प्रतिष्ठित कुश्ती प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम के आयोजक डीके कसाना अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के चार पदाधिकारियों के साथ दिल्ली स्थित उत्तराखंड हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम का विशेष निमंत्रण दिया। चैंपियन ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने की सहमति दी। इस दौरान कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन ने खेल और कुश्ती के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि दंगल और कुश्ती जैसे आयोजन केवल जीत-हार की प्रतियोगिता नहीं हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का एक सशक्त माध्यम हैं। खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और शारीरिक मजबूती पैदा करते हैं और उन्हें राष्ट्र एवं समाज निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ते हैं। चैंपियन ने अपनी फिटनेस का उदाहरण देते हुए कहा कि 61 वर्ष की उम्र में भी वह 21 साल के नौजवानों की तरह वर्कआउट करते हैं। व्यायाम उनकी दिनचर्या और जिंदगी का अभिन्न हिस्सा है। उनका मानना है कि नियमित व्यायाम और खेलों के प्रति समर्पण से व्यक्ति उम्र के किसी भी पड़ाव पर खुद को फिट रख सकता है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मंच देशभर के प्रतिभाशाली पहलवानों को अपनी प्रतिभा दिखाने और कुश्ती के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।