विंध्याचल धाम में प्रभारी मंत्री नंदी - बोले, मोदी-योगी में बदली यूपी की तस्वीर, माफिया वाला प्रदेश बना ODOP वाला प्रदेश, मां विंध्यवासिनी कॉरिडोर विकास का प्रमाण
#NandiInVindhyachal #CMYogi #MLCElection #VindhyachalDham #MirzapurNews #TodayMirzapur
मिर्जापुर। प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी गुरुवार को मां विंध्यवासिनी की पावन धरा विंध्याचल धाम के कालीखोह मोड़ पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आयोजित 'स्नातक एवं शिक्षक सम्मेलन' में शामिल हुए। यह सम्मेलन आगामी विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के दृष्टिगत आयोजित किया गया था।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री नन्दी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश की पहचान पूरी तरह बदल गई है। कभी अपराध और माफिया के लिए जाना जाने वाला यूपी आज ‘वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट’ (ODOP) से उद्यमिता और रोजगार की नई पहचान बन रहा है।
उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड से पूर्वांचल तक विकास की नई गाथा लिखी जा रही है। मिर्जापुर में मां विंध्यवासिनी धाम कॉरिडोर, गंगा घाटों का विकास, विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय और मेडिकल कॉलेज इसी बदलाव के जीवंत प्रमाण हैं। आस्था के केंद्र का यह विकास पर्यटन, रोजगार और आर्थिक समृद्धि के नए द्वार खोल रहा है।
मंत्री नन्दी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने युवाओं को रोजगार-स्वरोजगार से जोड़ने, स्नातकों को टैबलेट देने और शिक्षकों को सम्मान-सुरक्षा देने में ऐतिहासिक काम किया है। 9.5 लाख युवाओं को रोजगार देना इसी प्रतिबद्धता का सबूत है।
उन्होंने कहा कि आगामी एमएलसी चुनाव प्रदेश की विकास यात्रा को और गति देने का अवसर है और स्नातक-शिक्षक मतदाता भाजपा प्रत्याशियों को जिताकर इसे और मजबूत करेंगे।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री आशीष पटेल, राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, सांसद डॉ. विनोद बिंद, पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज, विधायक रत्नाकर मिश्रा, स्नातक प्रत्याशी केदारनाथ सिंह और शिक्षक प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्र मौजूद रहे।