बिहार विधान परिषद् पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन के सफल संचालन को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक।
बिहार विधान परिषद् के पटना शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन, 2026 के सफल, शांतिपूर्ण, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में संचालन को लेकर आज दिनांक 29 सितंबर 2026 को जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, नवादा श्री रवि प्रकाश की अध्यक्षता में संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी निर्वाचन कार्यक्रम के आलोक में निर्वाचन संबंधी तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा दिनांक 22.09.2026 को निर्गत प्रेस विज्ञप्ति के आलोक में बिहार विधान परिषद् के पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र, 2026 के लिए निर्वाचन कार्यक्रम निम्नवत् है :-
अधिसूचना निर्गत करने की तिथि – 29.09.2026
नाम-निर्देशन की अंतिम तिथि – 06.10.2026
नाम-निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की तिथि – 07.10.2026
अभ्यर्थिताएँ वापस लेने की अंतिम तिथि – 09.10.2026
मतदान की तिथि – 23.10.2026
मतदान का समय – पूर्वाह्न 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक
मतगणना की तिथि – 27.10.2026
पटना स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के निर्वाचन के सफल, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन हेतु नवादा जिले में व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं।
उप निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि नवादा जिले में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 17 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ कुल 15,829 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। वहीं, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए जिले में कुल 14 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहाँ कुल 1,749 मतदाता मतदान करेंगे।
निर्वाचन की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मतदान के दिन सभी मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही, निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता एवं अन्य निर्वाचन संबंधी निर्देशों के अनुपालन की निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वायड का गठन किया गया है।
निर्वाचन संबंधी आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता एवं तैयारियों की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि मतपेटिकाओं की छँटाई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वर्तमान में इन मतपेटिकाओं की साफ-सफाई, ऑयलिंग एवं पेंटिंग का कार्य किया जा रहा है, ताकि मतदान के पूर्व सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण की जा सकें।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विशेष ध्यान देने को कहा।
निर्वाचन कार्यों से संबंधित सभी कोषांगों द्वारा निर्धारित दायित्वों के अनुरूप तैयारियाँ की जा रही हैं, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया का संचालन सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।
आज की बैठक में उप विकास आयुक्त, नवादा, अपर समाहर्त्ता, नवादा, गोपनीय शाखा प्रभारी, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जिला सूचना एवं जन-सम्पर्क पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी, अवर निर्वाचन पदाधिकारी, नवादा सदर, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी के साथ-साथ अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Sep 29, 2026