अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर रविवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, बेगूसराय के एडीआर भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षा, विधि, खेल एवं चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं एवं महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश श्री वेद प्रकाश मोदी, प्राधिकार के सचिव श्री करुणानिधि प्रसाद आर्य, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी श्री विवेक चंद्र वर्मा तथा चिकित्सा क्षेत्र की विशेषज्ञों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।
वक्ताओं ने बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और प्रोत्साहन प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बालिकाओं को बेहतर शिक्षा एवं संस्कार देकर आत्मनिर्भर बनाना सशक्त समाज के निर्माण के लिए आवश्यक है।
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में मनीषा कुमारी एवं अदिति कुमारी, विधि में खुशबू कुमारी एवं सुमन कुमारी, खेल में सुष्मिता एवं श्रुति तथा चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. प्राची, डॉ. शिवांगी एवं डॉ. अल्पना राय को सम्मानित किया गया। वहीं, 12वीं वाणिज्य संकाय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा शिवांगी कुमारी को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से नारी शक्ति के सम्मान, बालिकाओं के अधिकारों, समानता एवं सशक्तीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
IPRD Bihar
#begusarai
#cmsamrat