#भरतपुर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सर्कुलर रोड स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में सेंधमारी का प्रयास सामने आया है। एक बदमाश ने रविवार को एटीएम कक्ष में घुसकर मशीन को तोड़ने और उससे छेड़छाड़ करने की कोशिश की। हालांकि, वारदात के दौरान मशीन से नकदी चोरी हुई है अथवा नहीं, इसकी पुष्टि बैंक के तकनीकी इंजीनियर द्वारा मशीन की जांच किए जाने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात संदिग्ध की तलाश शुरू कर दी है। कोतवाली थाना प्रभारी तेजपाल सैनी ने बताया कि सर्कुलर रोड पर स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम से छेड़छाड़ की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मौके पर मिले बैंक मैनेजर रामकुमार सैनी ने बताया कि सोमवार सुबह जब बैंक खोला गया और सुरक्षा के मद्देनजर सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की गई, तब इस वारदात का खुलासा हुआ। फुटेज की जांच में सामने आया है कि रविवार सुबह करीब 6 बजे एक व्यक्ति एटीएम बूथ के भीतर दाखिल हुआ। आरोपी ने अपनी पहचान छिपाने के उद्देश्य से एटीएम कक्ष में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी छेड़छाड़ की और फिर मशीन से छेड़छाड़ शुरू की। पुलिस का कहना है कि एटीएम का कैश वॉल्ट पूरी तरह सुरक्षित है या उसमें से नकदी निकाली गई है, यह बैंक के अधिकृत तकनीकी इंजीनियर के आने और मशीन को खोलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल बैंक प्रबंधन की ओर से औपचारिक लिखित शिकायत का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर बदमाश के हुलिए और उसके आने-जाने के रास्तों को ट्रेस कर पहचान जुटाने में लगी हुई है।