पिपराही में उर्वरक निगरानी समिति की बैठक, किसानों को समय पर बीज-खाद उपलब्ध कराने पर जोर,
शिवहर:पिपराही प्रखंड प्रमुख शिवचंद्र पासवान की अध्यक्षता में सोमवार को प्रखंड उर्वरक निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में खरीफ मौसम को देखते हुए किसानों को समय पर बीज और उर्वरक उपलब्ध कराने तथा सरकारी दर पर खाद बिक्री सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान प्रखंड प्रमुख शिवचंद्र पासवान ने कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और कहा कि सभी किसानों को समय पर बीज एवं खाद उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो तथा उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिले।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि वर्तमान में प्रखंड में 6300 बैग यूरिया उपलब्ध हैं, जिसकी सरकारी कीमत 266.50 रुपये प्रति बोरा निर्धारित है। वहीं 1902 बैग डीएपी उपलब्ध है, जिसकी बिक्री 1350 रुपये प्रति बोरा की दर से की जाएगी।
बैठक में जीरो टॉलरेंस नीति के अनुपालन, उर्वरकों की उपलब्धता एवं सरकारी दर पर बिक्री की समीक्षा की गई। किसानों की सुविधा के लिए सभी उर्वरक दुकानों पर उर्वरकों की कीमत स्पष्ट और बड़े अक्षरों में प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया।
मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी रजनीश कुमार, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, कृषि सखी, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, किसान सलाहकार चंद्रभूषण सिंह, अरविंद कुमार, राजीव कुमार, अमरेंद्र तिवारी, शौरभ कुमार, उप मुखिया विश्वनाथ बैठा, कांग्रेस नेता मो. मुतुजा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।