जिला सिरसा की कुछ अन्य महत्वपूर्ण खबरें.......
हिसार-घग्घर ड्रेन समेत किसान समस्याओं को लेकर लघु सचिवालय का घेराव, डीसी के नहीं आने पर धरने पर बैठे किसान
सिरसा।
हिसार-घग्घर ड्रेन के स्थायी समाधान, फसल बीमा, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, बिजली-पानी और अन्य किसान समस्याओं को लेकर शुक्रवार को किसानों ने लघु सचिवालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। किसान संघर्ष समिति और पगड़ी संभाल जट्टा के बैनर तले हुए प्रदर्शन में सैकड़ों किसान, मजदूर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शनकारी पहले शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में एकत्र हुए, जहां से नारेबाजी करते हुए पैदल मार्च के रूप में लघु सचिवालय पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सचिवालय के मुख्य द्वार पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और गेट बंद कर दिए गए।
ड्रेन का स्थायी समाधान नहीं होने से हर साल नुकसान
पगड़ी संभाल जट्टा के प्रदेशाध्यक्ष मनदीप नथवान ने कहा कि हिसार-घग्घर ड्रेन की समस्या का वर्षों से स्थायी समाधान नहीं किया गया है। हर बरसात में आसपास के गांवों में जलभराव हो जाता है, जिससे किसानों की फसलें बर्बाद होती हैं और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने सरकार से ड्रेन की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की।
बिजली, मुआवजा और फसल बीमा के मुद्दे भी उठाए
किसान नेताओं ने फसल बीमा दावों के लंबित भुगतान, भूमि अधिग्रहण के कम मुआवजे, ट्यूबवेलों के लंबित बिजली कनेक्शन, खाद की कालाबाजारी, बढ़ते बिजली बिल और मनरेगा के तहत पर्याप्त रोजगार नहीं मिलने जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि इन मांगों को लेकर कई बार प्रशासन को ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
डीसी के नहीं आने पर सचिवालय गेट पर धरना
प्रदर्शन के दौरान उपायुक्त के ज्ञापन लेने नहीं पहुंचने पर किसानों ने नाराजगी जताई और लघु सचिवालय के मुख्य द्वार पर धरना देकर बैठ गए। बाद में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी (डीडीपीओ) बलजीत चहल ने मौके पर पहुंचकर किसानों से ज्ञापन लिया। इस दौरान किसानों ने धरनास्थल पर ही लंगर का आयोजन भी किया। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झज्जर से ओटू तक हिसार-घग्घर ड्रेन प्रभावित क्षेत्रों में सरकार के पुतले जलाए जाएंगे और गांव-गांव जनजागरण अभियान चलाकर किसानों को आंदोलन से जोड़ा जाएगा।
............................................
25 दिन से पानी नहीं, महिलाओं ने भादरा रोड जाम किया; पेयजल संकट पर फूटा गुस्सा
सिरसा।
शहर में लगातार गहराते पेयजल संकट को लेकर शुक्रवार शाम वार्ड नं. 12 कल्याण नगर की महिलाओं का सब्र टूट गया। सैकड़ों महिलाओं ने डेरा सच्चा सौदा के पुराने डेरे के समीप भादरा रोड जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने आरोप लगाया कि पिछले 25 दिनों से उनके क्षेत्र में नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही, जिससे उन्हें पीने के पानी के लिए भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। कुछ देर बाद संबंधित थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत की।
'कई बार शिकायत की, लेकिन नहीं हुआ समाधान', पार्षद पर भी लगाए अनदेखी के आरोप
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पब्लिक हेल्थ) विभाग पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना था कि कभी-कभार पानी की सप्लाई आती भी है तो वह गंदा और पीने योग्य नहीं होता, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए निजी इंतजाम करने पड़ रहे हैं। महिलाओं ने वार्ड पार्षद दीपक बंसल पर भी उपेक्षा का आरोप लगाया। उनका कहना था कि कई बार फोन कर समस्या बताई गई, लेकिन न तो उन्होंने फोन उठाया और न ही कोई कार्रवाई की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने भी पार्षद से संपर्क करने का प्रयास किया।
भादरा-सिरसा मार्ग पर लगा लंबा जाम
महिलाओं द्वारा बेगू रोड़ भादरा-सिरसा मुख्य मार्ग जाम किए जाने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। रोडवेज बसों, निजी वाहनों और मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। कई बसों और अन्य वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना पड़ा, जिससे यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने स्पष्ट कहा कि जब तक नियमित और स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की जाती, उनका आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की। वहीं पुलिस और प्रशासन के अधिकारी प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर मामला शांत कराने के प्रयास में जुटे रहे।
Sirsa, Sirsa | Jul 10, 2026