बाढ़ से निपटने को शिवहर प्रशासन तैयार, अपर समाहर्ता ने तैयारियों की समीक्षा,
शिवहर। संभावित बाढ़-2026 को लेकर शिवहर जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) कृष्ण कुमार यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें बाढ़ पूर्व तैयारियों और उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के वरीय तकनीकी सहायक द्वारा जिले की बाढ़ संबंधी तैयारियों का आकलन किया गया। इस दौरान जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, संचार व्यवस्था तथा सरोजा सीताराम हॉस्पिटल की आपातकालीन व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया गया।
समीक्षा के दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान, तटबंधों की सुरक्षा, सामुदायिक रसोई संचालन, पेयजल आपूर्ति, पशु चारा प्रबंधन, सुरक्षित निकासी एवं पुनर्वास व्यवस्था तथा BSDRN पोर्टल के प्रभावी उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
अपर समाहर्ता ने संबंधित विभागों को संभावित आपदा से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी श्वेता सुमन, सिविल सर्जन कार्यालय से डॉ. राहुल रंजन समेत विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंताओं और वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया तथा अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी दी। जिला प्रशासन ने भरोसा जताया कि संभावित बाढ़ की स्थिति में त्वरित राहत और बचाव कार्य सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जा रही हैं।