सप्लाई चेन ट्रेस कर झाबुआ में 86 लीटर गोवर्धन घी जब्त
विशेष जांच अभियान के तहत जिले से 20 नमूने जांच के लिए भेजे गए
नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत भोपाल जिले में गोवर्धन घी का नमूना जांच में विफल पाए जाने के बाद वरिष्ठ कार्यालय द्वारा इसकी सप्लाई चेन को प्रदेशभर में ट्रेस किया गया।
सप्लाई चेन ट्रेसिंग के आधार पर प्राप्त निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा झाबुआ नगर में कार्रवाई करते हुए खुशी इंटरप्राइजेज से गोवर्धन घी की कुल 86 लीटर मात्रा जब्त की गई। जब्त खाद्य सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 60 हजार 200 रुपये है। घी के नमूने जांच के लिए लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता की जांच के लिए चलाए जा रहे 10 दिवसीय विशेष अभियान के अंतर्गत जिले से अब तक कुल 20 नमूने जांच हेतु भेजे गए हैं। इनमें से 05 नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई है, जिसमें पनीर का एक नमूना अवमानक पाया गया है। संबंधित प्रकरण में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
इस संपूर्ण अभियान एवं कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राहुल सिंह अलावा एवं श्री वेलसिंह मोरी उपस्थित रहे। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आम नागरिकों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से दूध एवं दुग्ध उत्पादों की जांच एवं नमूना कार्रवाई निरंतर जारी है।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner #Jhabua #JansamparkMP
4 views | Jhabua, Madhya Pradesh | Aug 10, 2026