चम्बा : तीसा के हिमगिरि-आयल मार्ग पर खतरे में लोगों की जिंदगियां, जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग
चम्बा जिले के तीसा उपमंडल के अंतर्गत हिमगिरि-आयल मार्ग पर यात्रियों और वाहन चालकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा हो गई है। जानकारी के अनुसार धसियोट के समीप वन निगम के ठेकेदार द्वारा पेड़ कटान एवं चिरान का कार्य किया जा रहा है। इसी दौरान एक पेड़ सड़क की ओर गिर गया, जिससे सड़क का डंगा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाद में कच्चे डंगे का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन सड़क की चौड़ाई कम हो जाने से बड़े वाहनों की आवाजाही जोखिम भरी बन गई है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक बस बेहद संकरे और खतरनाक हिस्से से गुजर रही है, जहां जरा सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ग्रामीणों और यात्रियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर जल्द स्थायी और प्रभावी सुरक्षा उपाय किए जाएं, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो वाहन चालकों और यात्रियों की जान खतरे में पड़ सकती है। साथ ही बड़े वाहनों के संचालन में बाधा आने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
Pahadi News
#PahadiNews #Chamba #Tissa #HimgiriAylRoad #RoadSafety #HimachalPradesh #BreakingNews #Highlight
Chamba, Chamba | Jun 16, 2026