पोखरैरा में महिलाओं व किशोरियों के लिए निःशुल्क हेल्थ कैंप, स्वास्थ्य जांच के साथ दी गई जरूरी दवाएं
मुजफ्फरपुर, 31 जुलाई।
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी आईसीडीएस -सह- नोडल पदाधिकारी महिला एवं बाल विकास निगम के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास निगम, मुजफ्फरपुर के बैनर तले जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमेन एवं एनजीओ सी3 के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को सरैया प्रखंड के पोखरैरा गांव के दक्षिणी टोला में महिलाओं एवं किशोरियों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में महिलाओं और किशोरियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ एनीमिया की जांच की गई तथा आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर महिलाओं एवं किशोरियों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। विशेष रूप से एनीमिया, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व को लेकर जागरूक किया गया। किशोरियों को स्वस्थ जीवनशैली और संतुलित आहार अपनाने के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वुमेन कार्यालय की टीम एवं राजेश कुमार (ब्लॉक कोऑर्डिनेटर) सरैया,सी3 मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने महिलाओं को स्वास्थ्य के साथ-साथ वित्तीय जागरूकता, आत्मनिर्भरता, महिला अधिकार एवं लैंगिक समानता से जुड़े विषयों पर भी जानकारी दी।
जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम, मुजफ्फरपुर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं एवं किशोरियों तक स्वास्थ्य सुविधाओं और जरूरी जानकारी की पहुंच बढ़ाना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस तरह के शिविरों से न केवल स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान संभव होती है, बल्कि महिलाओं और किशोरियों में अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
स्थानीय महिलाओं एवं किशोरियों ने स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण समुदाय के लिए उपयोगी पहल बताया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
JEEVIKA Bihar