*11 से 20 अक्तूबर तक आयोजित होगा ज्वालामुखी आश्विन नवरात्र मेला*
*श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था पर विशेष बल*
ज्वालामुखी, 21 सितम्बर, 2026 ।। News123 ।। विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर में आयोजित होने वाले आश्विन नवरात्र मेले के सफल आयोजन को लेकर आज मंदिर न्यास के स्वागत कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त आयुक्त (मंदिर) एवं उपमंडलाधिकारी (ना.) ज्वालामुखी ने की। स्थानीय विधायक संजय रत्न ने बैठक में विशेष रूप से भाग लिया तथा मेले के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा की जाने वाली व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष आश्विन नवरात्र मेला 11 से 20 अक्तूबर, 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुव्यवस्थित दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
विधायक संजय रत्न ने कहा कि नवरात्र मेले के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु श्री ज्वालामुखी मंदिर पहुंचते हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
बैठक में मेले की तैयारियों से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। स्वच्छता व्यवस्था के लिए 60 सफाई कर्मचारियों की तैनाती करने निर्देश दिए गए। भीड़ प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत 75 होमगार्ड जवानों की मांग करने तथा श्रद्धालुओं को त्वरित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए मंदिर परिसर में सभी आवश्यक उपकरणों से सुसज्जित एम्बुलेंस उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों की नियमित जांच करने के लिए निर्देशित किया गया। इसी प्रकार, लंगर में उपलब्ध करवाए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने तथा श्रद्धालुओं को बेहतर एवं विविधतापूर्ण भोजन उपलब्ध करवाने के लिए मेन्यू में आवश्यकतानुसार बदलाव करने पर भी जोर दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान कर पुलिस सहायता केंद्र स्थापित करने तथा मेले के दौरान लगभग 85 पुलिस कर्मियों की तैनाती करने के निर्देश दिए गए। मंदिर परिसर में अनावश्यक एवं प्रतिबंधित वस्तुओं के प्रवेश पर रोक सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा जांच व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। बैठक में मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से संबंधित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
विधायक ने अधिकारियों को मेले से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने तथा आयोजन के दौरान आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है।
संयुक्त आयुक्त (मंदिर) एवं एसडीएम ज्वालामुखी ने सभी संबंधित विभागों को मेले से संबंधित तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के आपसी समन्वय से आश्विन नवरात्र मेले का सुरक्षित, सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम ज्वालामुखी डॉ संजीव शर्मा, तहसीलदार कश्मीर सिंह, नायब तहसीलदार अजय मडंयाल, पुलिस उपाधीक्षक संजय शर्मा, अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग अनीश ठाकुर, सहायक अभियंता बिजली बोर्ड अमर चंद, एसएचओ संदीप, कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद अकिस्त गुप्ता, चिकित्सक सीएचसी डॉ अजित सिंह, रेंज ऑफिसर इंसानी, एचआरटीसी के कुलदीप सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष सोम किरण, उपाध्यक्ष दीप्ति शर्मा, न्यास सदस्य प्रधान दिव्याशु भूषण दत्त, सदस्य जितेश, दीपक, सुधीर दत्त, शैलेन्द्र, विरेन्द्र सूद, राजन कुमार, कपिल शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।