औरंगाबाद में बाइक से लहरिया कट मारने वाले पर पुलिस की कड़ी नजर, देर रात लहरिया कट मारने वाले युवकों की पुलिस ने की धुनाई।
औरंगाबाद जिले में दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को लेकर औरंगाबाद पुलिस अलर्ट मोड में है। जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए पुलिस द्वारा लगातार रात्रि गश्ती और वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में बीती देर रात शहर के मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार में बाइक से लहरिया कट मारते हुए और हुड़दंग मचाते हुए कुछ युवकों को पुलिस ने पकड़ा। बताया जा रहा है कि ये युवक बिना हेलमेट, बिना नंबर प्लेट की बाइकों से स्टंट कर रहे थे और आम लोगों में दहशत का माहौल बना रहे थे।
सूचना मिलते ही गश्ती पर मौजूद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर इन युवकों को रोकने की कोशिश की, लेकिन भागने के क्रम में पुलिस ने उन्हें खदेड़ कर पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस ने सड़क पर ही इन मनचलों की जमकर धुनाई कर दी और बाइकों को जब्त कर थाने ले गई।
पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा के निर्देश पर जिले भर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ऐसे असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि त्योहार के दौरान हुड़दंग मचाने वाले, शराब पीकर वाहन चलाने वाले और स्टंटबाजी करने वाले किसी भी युवक को बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की सख्ती से अपराध पर लगाम लगेगी और आम नागरिकों को सुरक्षित माहौल मिलेगा।