राजा चौहान के नेतृत्व में सैकड़ों वाहनों के साथ निकली स्वाभिमान रैली, सर्व समाज की एकजुटता का दिया संदेश
ग्वालियर। सर्व समाज संघर्ष समिति ग्वालियर-चंबल के तत्वावधान में राजा चौहान के नेतृत्व में विशाल स्वाभिमान कार रैली का आयोजन किया गया। रैली में सैकड़ों चार पहिया वाहन, ट्रैक्टर और रथ शामिल हुए। रैली के माध्यम से सर्व समाज की एकजुटता, आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
रैली की शुरुआत ग्वालियर स्थित रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल मैदान से दोपहर 1:40 बजे हुई। आयोजन की शुरुआत शीतला माता रोड पर हुए भीषण हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
रामवीर गुर्जर रौरा, अरुणेश भदौरिया, कुलदीप पाठक, छोटू तोमर और संतोष पाठक ने बताया कि स्वाभिमान रैली में 500 से अधिक चार पहिया वाहन, ट्रैक्टर और रथ शामिल हुए। रैली रानी लक्ष्मीबाई समाधि स्थल मैदान से शुरू होकर पड़ाव पुल, रेलवे स्टेशन बजरिया और रेसकोर्स रोड होते हुए गोले का मंदिर चौराहे पर पहुंची, जहां महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रैली का समापन किया गया।
तीन रथों पर सजे भगवान श्रीराम और देवी-देवताओं के चित्र
रैली में शामिल तीन रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इन रथों पर भगवान श्रीराम सहित देवी-देवताओं और अन्य महापुरुषों के चित्र लगाए गए थे। आयोजकों का उद्देश्य सनातन संस्कृति का संदेश जन-जन तक पहुंचाना और समाज के विभिन्न वर्गों को एकजुट करना रहा।
समिति के सदस्य राजवीर राठौड़, राजवीर तोमर, सौदान तोमर, संजय यादव, जीतू धाकड़ और महेंद्र बघेल ने बताया कि रैली में सर्व समाज के लोगों ने भागीदारी की।
सामाजिक समरसता और भाईचारे पर दिया जोर
रामू गुर्जर, सोनू पाल, वीरू जाटव और पारस जाटव ने बताया कि वर्तमान समय में सामाजिक और राजनीतिक परिस्थितियों के कारण समाज में आपसी मतभेद बढ़ने की चिंता है। ऐसे में रैली के माध्यम से सभी वर्गों को साथ लेकर चलने, आपसी भाईचारा बनाए रखने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का संदेश दिया गया।
आयोजकों के अनुसार, समिति के अध्यक्ष राजा चौहान का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को साथ जोड़कर एकजुटता की भावना को मजबूत करना है।
जगह-जगह हुआ रैली का स्वागत
रैली के मार्ग में विभिन्न संगठनों की ओर से स्वागत के लिए स्टॉल लगाए गए। इस दौरान तनय भदौरिया, अवनीश, पिंकी परमार सहित सैकड़ों लोगों ने सहभागिता की और रैली का स्वागत किया।
रैली के अंतिम पड़ाव गोले का मंदिर चौराहे पर शीतला माता रोड हादसे में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं की स्मृति में दोबारा मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद हनुमान चालीसा के पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
शहर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोग
स्वाभिमान रैली में ग्वालियर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों लोगों ने भाग लिया। इनमें रामराज भदौरिया, अभय बैस, ध्रुव राम, तेजू राज, राहुल, धर्मेश, शिवम, केशव यादव, कुंवर राम, बंटू, विनोद, हर्ष, अभी, आशु, गौरव, गोलू, लालता प्रसाद, धर्मेंद्र, छोटे भदौरिया, अनूप, प्रभात, अश्विनी, टीटू, आबिद, सत्तन और कपिल सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
मातृशक्ति की ओर से उर्मिला तोमर, रेणु राणा, मोनिका, बबीता, नीलम और नम्रता सहित कई महिलाओं ने भी भागीदारी की।
स्वाभिमान रैली के माध्यम से आयोजकों ने सर्व समाज को एक मंच पर लाने, सामाजिक समरसता बढ़ाने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का संदेश दिया।
Gwalior Gird, Gwalior | Oct 21, 2026